सीतापुर जिले में मायके से पति के लिए जन्मदिन पर गिफ्ट नहीं आया तो उसे पेट्रोल डालकर फूंक दिया। कमलापुर कस्बे में सोमवार सुबह हुई घटना के बाद विवाहिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़िता 40 फीसद के ऊपर जल चुकी है। हालत गंभीर बनी है। सीओ सिधौली का कहना है कि महिला के पिता की तहरीर पर विवाहिता की एक ननद और दो देवरों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है।
बताया कि कमलापुर कस्बा निवासी दुर्गेश का विवाह दस माह पूर्व खैराबाद थाना क्षेत्र के मीरपुर गांव निवासी रमाकांत की पुत्री खुशबू के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही खुशबू को प्रताड़ित किए जाने लगा। कई बार सुलह-समझौता भी हुआ लेकिन बात नहीं बनी। झुलसी विवाहिता खुशबू की मानें तो उसका पति दुर्गेश शराब की दुकान पर सेल्समैन है। कई बार उसने कारोबार के लिए नकदी की मांग भी की। जिसमें मायके पक्ष ने असमर्थता जताई। बताया कि रविवार दुर्गेश का जन्मदिन था। आर्थिक समस्याओं के कारण मायके पक्ष से कोई भी परिवार का सदस्य नहीं आ सका। इसी कारण रात में झगड़ा हुआ। सोमवार सुबह ही कुछ ऐसा ही हुआ।
आरोप है कि गिफ्ट और कैश न देने के चलते दुर्गेश के भाई साक्षी, महेश और ननद रजनी ने वाहन से पेट्रोल निकालकर खुशबू के शरीर पर छिड़ दिया और उसे आग के हवाले कर दिया। चीख पुकार के बीच आस-पड़ोस के लोग जग गए। अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उसे कमलापुर स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। यहां से उसे जिला अस्पताल भेजा गया।
सीओ सिधौली अंकित कुमार का कहना है कि पीड़िता ने ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर आग लगाने का आरोप लगाया है। आरोपों के आधार पर केस दर्ज करते हुए कुल मामले की जांच शुरू की गई है। 40 फीसद जली युवती के बयान दर्ज कर लिए गए है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।