कोहना इलाके में शुक्रवार रात बर्थडे पार्टी के दौरान गैस सिलिंडर फटने से एक ही परिवार की तीन महिलाओं सहित छह लोग घायल हो गए। घायलों में करीब 10 साल का बच्चा भी शामिल है। आनन-फानन में घायलों को हैलट अस्पताल पहुंचाया गया, जहां महिलाओं की हालत गंभीर है। जानकारी पाकर कल्याणपुर विधायक निलिमा कटियार ने हैलट पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। पेंटिंग का काम करने वाले नन्हें यादव कोहना के रानी का बगीचा क्षेत्र परिवार के साथ किराए के कमरे में रहते हैं।
शुक्रवार को उनके बेटे करण का जन्मदिन था। शाम को करन का दोस्त अमित दीक्षित घर आया और परिवार के लोग पार्टी की तैयारी में जुट गए। करन और अमित पेट्रो मैक्स सिलिंडर भरवाकर ले आए। शाम करीब सात बजे करण की मां अनिता, बहन मांसी, ममेरी बहन पायल खाना बनाने लगी।
दूसरे कमरे में अमित, करण और उसका दस साल का ममेरा भाई तन्मय कोल्ड ड्रिंक पी रहे थे। इसी दौरान सिलिंडर में लीकेज की वजह से आग लग गई। अनिता और दोनों बहनों को बचाने अमित, करण और तन्मय उस कमरे में पहुंचे तभी सिलिंडर फट गया। हादसे में सभी बुरी तरह घायल हो गए।
सिलिंडर के धमाके से अफरा-तफरी मच गई और आसपास के घरों से भी लोग बाहर भागने लगे। जानकारी पाकर काम पर गए नन्हें घर पहुंचे और पड़ोसियों की मदद से घायलों को अस्पताल लेकर गए। डॉक्टरों ने बताया कि अनिता, मांसी और पायल का शरीर करीब 50 फीसदी झुलस गया है। अमित, करण और तन्मय की हालत खतरे से बाहर है।
बर्थडे पार्टी के दौरान फटा सिलिंडर, छह झुलसे